फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहली बारिश में ही धंस गया बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे

विज्ञापन
विज्ञापन
उरई (जालौन)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे लोकार्पण के पांचवें दिन पहली मूसलाधार बारिश होते ही बुधवार रात धंस गया। छिरिया सलेमपुर के पास इटावा से चित्रकूट लेन पर किलोमीटर 195 के पास दो फीट चौड़ा, छह फीट लंबा और एक फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसकी वजह से बुधवार रात कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हुए। एक कार सवार ने दुर्घटनाग्रस्त होने पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
विज्ञापन

एक्सप्रेसवे पर गड्ढा होने की सूचना पर उप्र एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) के अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। सुबह होते-होते यूपीडा के अधिकारी मौके पर जेसीबी मशीन लेकर पहुंच गए। गड्ढे को समतल करने के लिए खोदाई के बाद मरम्मत का काम शुरू करवाया। अधिकारियों ने किलोमीटर 194 से 200 मीटर तक इटावा से चित्रकूट जाने वाली लेन पर यातायात बंद कर दिया। दोनों तरफ का यातायात एक ही लेन पर चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार एक्सप्रेसवे में हुए गड्ढे की वजह से छत्तीसगढ़ निवासी परशुराम दयाल घायल हो गए थे। एक कार भी क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन चालक को चोट नहीं आई थी।
इस मामले में यूपीडा से जुड़े अधिकारियों से बात की गई तो पहले तो उन्होंने कहा कि इस मामले में लखनऊ मुख्यालय से ही कोई जानकारी मिल सकती है। बाद में एक अधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन टूटने की वजह से एक्सप्रेसवे की मिट्टी कट गई थी। इस वजह से गड्ढा हो गया। दूसरे अधिकारी ने बताया कि राइडिंग क्वालिटी टेस्ट में कई जगह समस्या आई थी, इसलिए मरम्मत कराई जा रही है। यूपीडा के कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार इसी लेन पर तीन से चार जगह गड्ढे हुए हैं।
विज्ञापन

--
राजस्थान की गावर कंपनी ने बनाई है सड़क
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे छह पैकेज (हिस्सों) में बनाया गया है। इसमें पैकेज चार और पांच का निर्माण राजस्थान की गावर कंपनी ने किया है। गावर कंपनी ने दोनों पैकेज मिलाकर लगभग 101 किलोमीटर सड़क बनाई है। पैकेज चार में 51 किलोमीटर सड़क हमीरपुर के बरौली खरका से लेकर जालौन के सालाबाद तक सड़क बनाई गई है। पैकेज पांच में 50 किलोमीटर सड़क का जालौन के सालाबाद से औरैया जिले के बखरिया तक निर्माण किया गया है।
अखिलेश यादव ने भी किया ट्वीट
एक्सप्रेसवे की सड़क धंसने पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि यह है भाजपा के आधे-अधूरे विकास की गुणवत्ता का नमूना। उधर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का बड़े लोगों ने उद्घाटन किया ही था कि इधर एक हफ्ते में ही इस पर भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े गड्ढे निकल आए। अच्छा हुआ इस पर रनवे नहीं बना।
दूसरी ओर, सड़क धंसने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल हो गए। इसके बाद लोगों ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने सरकार से जांच कराकर कार्रवाई करने की भी मांग की है।
16 जुलाई को प्रधानमंत्री ने किया था लोकार्पण
चित्रकूट के भरतकूप से इटावा के कुदरैल तक बने 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 16 जुलाई 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके लिए जालौन के कैथेरी गांव में एक भव्य आयोजन किया गया था। 14, 800 करोड़ की लागत से बना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे 36 महीने में पूरा होना था, लेकिन यूपीडा ने इसे 28 महीने में ही बनाकर तैयार कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें