जालौन। घर के बाहर चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग को आवारा सांड पर हमलाकर घायल कर दिया। गंभीर अवस्था में परिजन उन्हें सीएचसी लेकर आए और जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छौलापुर निवासी भगवानदास (60) गर्मी के चलते घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे अचानक वहां एक सांड आ गया। सांड ने पहले तो उन्हें सींग से चारपाई सहित उठाकर फेंक दिया। जब उन्होंने बचने की कोशिश की तो सांड ने उन्हें रौंदकर घायल कर दिया। उनके चिल्लाने पर बेटा रूप सिंह और घर के अन्य सदस्य दौड़े और किसी तरह सांड को भगाकर उन्हें बचाया। इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर बीडीओ प्रशांत कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके राजपूत मौके पर पहुंचे और सांड को पकड़वाकर कान्हा गोशाला भेजा गया है।