आटा। ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बाइक से गिरे भाजपा के बूथ अध्यक्ष को चालक रौंदता निकल गया। इससे बूथ अध्यक्ष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका साथी गंभीर घायल हो गया। चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए हुए घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामगंज निवासी शैलेंद्र दीक्षित उर्फ नीलू महाराज (45) साथी अभिजीत सिंह उर्फ सांगा (38) के साथ गुरुवार को बाइक से उरई किसी से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली क्षेत्र के भदौरिया होटल के पास पहुंची तो पीछे से ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बाइक से सड़क पर गिरकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश में नीलू को दोबारा कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। परिजनों ने बताया कि वह अपने बूथ के अध्यक्ष थे। सभासदी के चुनाव में वह भाजपा से टिकट मांग रहे थे, इसलिए वह उरई में किसी नेता से मिलने आए थे। उनकी मौत से पत्नी वंदना, पुत्री श्रेया व पुत्र यीशु सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।