उरई। झांसी से दोस्तों के साथ घर लौट रहे बाइक सवारों को बुधवार शाम को लगभग साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। कदौरा थाना क्षेत्र के उदनपुर निवासी गोलू (26) अपने दोस्तों कदौरा थाना क्षेत्र के मरगायां निवासी जीतू और शिवम के साथ बाइक से झांसी से उरई लौट रहे थे। देर शाम इनकी बाइक एट थाना क्षेत्र के बिलायां के पास पहुंची, उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। जिससे गोलू की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन तीनों युवकों को घायल अवस्था में हाइवे पर पड़ा देख किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने गोलू को देखते ही मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।