उरई/एट। मवेशी से टकराकर बाइक सवार सड़क पर जा गिरा। पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, साथी बाइक सवार भाई बच गया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के करनपुरा गांव निवासी मजदूर माता प्रसाद (46) बाइक से रविवार को एदलपुर निवासी रिश्तेदारी में भाई मधुर प्रकाश के साथ झांसी से गांव लौट रहे थे।
झांसी कानपुर हाईवे स्थित पिरौना के पास उनकी बाइक मवेशी से टकरा गई। हादसे में दोनों सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से आए ट्रक ने माता प्रसाद को रौंद दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजनों के अनुसार माता प्रसाद मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पांच बेटी व एक बेटा है। मौत से पत्नी तारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।