उरई/एट (जालौन)। गुजरात के सूरत से बाइक लेकर घर लौट रहा बाइक सवार दो डंपरों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे मेडिकल कालेज भिजवाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गोरखपुर जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार निवासी आशुतोष चंद्र कौशिक (35) गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते थे। शनिवार को वह बाइक से गोरखपुर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक पिंडारी मोड़ के पास पहुंची, इसी दौरान टोचिंग कर जा रहे दो डंपरों को बीच उनकी बाइक आ गई। जिससे वह बाइक समेत दबकर बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने उसे मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन छोड़कर भाग गए।
मृतक के चाचा विक्रम कौशिक ने बताया कि उसका भतीजा गुजरात में कंटेनर यार्ड में मैनेजर था। वह छुट्टी लेकर बाइक से घर लौट रहा था। तभी हादसा हो गया। उसके दो बच्चे हैं। उसकी मौत से पत्नी रागिनी व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।