जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बाइक सवार दो भाई अचानक से सामने आए मवेशी से टकरा गए। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने छोटे भाई को मृत घोषित कर दिया।
हमीरपुर, मुस्करा के पहाड़ी भिटारी गांव निवासी प्रमोद कुमार (20) दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। गुरुवार को वह छोटे भाई पुष्पेंद्र (16) को साथ में लेकर दिल्ली जाने के लिए निकला। देर शाम बाइक जालौन कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पहुंची।
तभी सामने आए मवेशी से बाइक जा भिड़ी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा पुष्पेंद्र सड़क पर गिरा। सिर पर गंभीर चोट आने से लहूलुहान हो गया। प्रमोद भी घायल हो गया। सिर पर हेलमेट लगाने की वजह से उसकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, जहां पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया।
प्रमोद को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पुष्पेंद्र कक्षा नौ का छात्र था। चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता राजबहादुर, मां ऊषा सहित का रो-रोकर बुरा हाल रहा।