उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग पर अवैध वेंडरों के संचालन की शिकायत पर रेलवे बोर्ड से सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने उरई रेलवे स्टेशन पर जांच की। टीम ने स्टेशन पर घूमकर कैंटीन संचालकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। उन्होंने रेल यात्रियों से भी फीडबैक लिया। उन्होंने आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार से भी अब तक पकड़े गए वेंडरों के बारे में जानकारी ली। सहायक सुरक्षा आयुक्त झांसी मंडल मोहम्मद शरीफ ने उरई आरपीएफ थाने पहुंचकर शिकायत की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने बताया कि वेंडरों के संचालन को लेकर एक शिकायत रेलवे बोर्ड पहुंची थी। उसी की जांच के लिए वह यहां आए हैं। उन्होंने कई बिंदुओं पर जांच की है। पूरी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड के अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजेंगे।
ट्रैक के रखरखाव में जो भी कमियां है, उन्हें दूर किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। झांसी कानपुर रेलमार्ग के दोहरीकरण को लेकर डीआरएम झांसी मंडल आशुतोष ने शनिवार को ग्वालियर बरौनी छपरा मेल में लगे स्पेशल सैलून से निरीक्षण किया। डीआरएम ने बताया कि वह रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के काम की प्रगति देखने आए हैं। साथ ही वह झांसी कानपुर रेलमार्ग के नए और पुराने ट्रैक में जो रखरखाव संबंधी समस्याएं है, उनकी भी बारीकी से जांच कर रहे हैं।
जो भी कमियां आएगी, उन्हें संबंधित विभाग के माध्यम से निस्तारित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रेन संचालन के दौरान ट्रेन की स्पीड को भी परखा। जर्क (झटका) आदि को भी देखा। उरई स्टेशन पर पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने बताया कि इसी वित्तीय वर्ष मार्च 2023 तक शेष बचे 209 किलोमीटर रेलमार्ग का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रेनों की लेटलतीफी दूर हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि जोल्हूपुर रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें आ रही है। रेलवे इस मामले में संजीदा है। जल्द जोल्हूपुर रेलवे क्रासिंग नंबर 194 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम पूरा कराया जाएगा। इस दौरान यातायात निरीक्षक एसके राय, स्टेशन अधीक्षक एसके खरे आदि मौजूद रहे।