उरई। माफिया अतीक अहमद का काफिला सोमवार को लगभग साढ़े 12 बजे झांसी से होते हुए जालौन पहुंचा। अतीक का काफिला झांसी-कानपुर हाईवे से होकर एट पहुंचा। एट टोल प्लाजा से गुजरकर काफिला कैथेरी से बुंदेलखंड एक्सप्रेस पर चढ़ा। फिर यहां से चित्रकूट होते हुए प्रयागराज के लिए कूच कर गया।
अतीक अहमद के काफिले के गुजरने को लेकर जालौन जिले की पुलिस और प्रशासन काफी चौकन्ना था। सुबह से ही एट और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के कैथेरी टोल प्लाजा पर काफी गहमागहमी थी। बड़ी संख्या में यहां पुलिस बल तैनात था। अतीक का काफिला गुजरने की सूचना पर भीड़ और पत्रकार मौजूद रहे। झांसी से होकर अतीक का काफिला एट पहुंचा। यहां पर काफिले में शामिल वाहनों में डीजल-पेट्रोल भी भरवाया गया। जब अतीक का काफिला जिले की सीमा पर पहुंचा तो सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों साइडों से वाहनों को खड़ा करा दिया। जब तक उसका काफिला बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर नहीं पहुंचा तब तक किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया गया। जिससे आधा घंटे तक वाहन खड़े रहे।