उरई। बेसिक शिक्षा परिषद के परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं 20 मार्च से होगी। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षाएं 24 मार्च तक चलेगी। इसकी समयसारिणी जारी कर दी गई है। प्रश्नपत्रों को तैयार करने का काम पूरा हो गया है।
परिषदीय स्कूलों की परीक्षाओं की तैयारियों का काम पूरा हो गया है। 18 मार्च तक स्कूलों में प्रश्नपत्र सुरक्षित पहुंचा दिए जाएंगे। 20 से 24 मार्च तक परीक्षाएं होगी। इसके बाद 26 मार्च से 30 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। जबकि 31 मार्च को परीक्षाफल का वितरण होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम शासन स्तर से जारी हुआ है। उसी के अनुसार परीक्षाएं कराई जा रही है। कक्षा एक की मौखिक परीक्षाएं होगी। जबकि कक्षा दो से लेकर कक्षा आठ तक की मौखिक और लिखित परीक्षाएं होगी। परीक्षाएं दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह साढ़े नौ बजे से 11.30 बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली दोपहर 12.30 बजे से ढाई बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि 1247 प्राइमरी स्तर के और 541 जूनियर स्तर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं संचालित की जाएगी।
117538 परीक्षार्थी देंगे लिखित परीक्षा
उरई। प्राइमरी स्तर में कक्षा दो से कक्षा पांच तक के 83790 परीक्षार्थी और जूनियर स्तर पर कक्षा छह से कक्षा आठ तक के 33748 परीक्षार्थी परीक्षाएं देंगे। कुल 117538 परीक्षार्थी लिखित परीक्षा देंगे। जबकि कक्षा एक के परीक्षार्थियों की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उन्हें मौखिक परीक्षा देनी होगी। (संवाद)