कालपी। घर के बाहर खेल रहा दो वर्षीय मासूम नाले में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक जब वह नहीं दिखा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। एक घंटे बाद उसका शव पानी में उतराता मिला।
गोहन थाना क्षेत्र के गोरा भूपका निवासी रामनरेश सिंह परिवार सहित कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ स्थित ढाबे के पास एक मकान में किराये पर रहते हैं। वहीं, वह छोले- भटूरे का ठेला लगाता है। सोमवार सुबह उसका दो वर्षीय पुत्र गोपाल घर के बाहर खेल रहा था। जबकि पत्नी घर में काम कर रही थी।
इसी दौरान गोपाल खेलते-खेलते घर के पास स्थित नाले के पास पहुंच गया और किसी तरह पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसे गायब देख उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। एक घंटे बाद उसका शव नाले के पानी में उतराता मिला तो शव पड़ा देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।