जालौन। बंगरा मार्ग पर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति व थोक सब्जी मंडी में प्रकाश की उचित व्यवस्था नहीं है। मंडी में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए मंडी प्रशासन व व्यापारियों की मांग पर शासन ने 17 लाख 18 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है।
नगर में संचालित गल्ला मंडी व थोक सब्जी मंडी में प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है। प्रकाश व्यवस्था के लिए मंडी में खंभे, केबल व लाइटों की आवश्यकता है। मंडी में प्रकाश व्यवस्था न होने से व्यापारियों को परेशानी हो रही थी। व्यापारियों की मांग पर बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशफाक राईन ने इसकी शिकायत मंडी सचिव के माध्यम से शासन को भेजी थी।
मंडी सचिव के प्रयास के बाद शासन ने मंडी की प्रकाश व्यवस्था के लिए बजट उपलब्ध करा दिया है। मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन से प्रकाश व्यवस्था के लिए 17 लाख 18 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। जल्द ही इससे मंडी में लगभग 22 खंभे लगाए जाएंगें। इसके अलावा नई केबल बदलने के साथ ही पूरी मंडी में प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें भी लगाई जाएंगी।