जालौन। मतदान को लेकर अब सिर्फ 25 दिन बचे हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी शुरू कर दीं हैं।
20 फरवरी को जिले में मतदान होना है। जालौन तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 108 बूथों एवं कालपी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 160 बूथों की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जानी हैं। हालांकि इनमें कुछ बूथ मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। जालौन नगर क्षेत्र के छत्रसाल इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथ बनाया गया है। इस बूथ परिसर में लगा हैंडपंप महीनों से खराब पड़ा है। इसी प्रकार इंटर कॉलेज परिसर में बने शौचालयों की हालत भी खराब है। जो शौचालय दुरुस्त हैं वहां गंदगी पड़ी है। कंपोजिट विद्यालय गणेश जी में बनाए गए बूथ पर पहले सड़क नहीं थी, लेकिन चुनाव को देखते हुए बूथ तक पहुंचने के लिए सड़क बना दी गई है। नायब तहसीलदार आलोक कटियार ने बताया कि प्रशासन बूथों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा हुआ है, शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएंगी।