कोंच। ट्रैक्टर चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिरावटी निवासी राहुल पटेल का महिंद्रा ट्रैक्टर 20 जून की रात नदीगांव रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से चोरी हो गया था। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। बुधवार को एसआई शुभम सिंह परमार और सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण के दौरान पंचानन चौराहे के पास से फरार आरोपी अंकित शर्मा निवासी ग्राम निगड़ा, जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह ने बताया कि चोरी गया ट्रैक्टर पहले ही बरामद किया जा चुका था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। (संवाद)