कालपी। भैंस को नदी से निकालते समय युवक गहरे पानी में चला गया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के मंगरौल पडरी निवासी जनवेद सिंह का 24 वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह सोमवार को भैंसे चराने यमुना नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसकी एक भैंस नदी में चली गई। शाम हो जाने के चलते वह उसे काफी देर तक निकालने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह नहीं निकली तो युवक नदी में कूद गया। जिससे वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका है। कोतवाल नागेंद्र पाठक ने बताया कि इटावा से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। जल्द ही युवक को बरामद कर लिया जाएगा।