उरई। यूपी बोर्ड के मूल्यांकन के दूसरे दिन 25,416 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। अब तक 29,705 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा चुकीं हैं। दूसरे दिन 480 परीक्षक और 16 प्रधान परीक्षक गैरहाजिर रहे।
जिले के चार केंद्रों पर हो रहे मूल्यांकन में रविवार को 11841 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। यहां 533 के सापेक्ष 298 परीक्षकों ने मूल्यांकन किया और 235 गैरहाजिर रहे। 64 उप प्रधान परीक्षकों के सापेक्ष 51 ही पहुंचे और 13 गैरहाजिर रहे। गांधी इंटर कॉलेज में 3945 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। यहां पर नियुक्त 340 परीक्षकों में 40 गैरहाजिर रहे। वहीं सभी 33 उप प्रधान परीक्षक मौजूद रहे।
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 4617 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। यहां मूल्यांकन के लिए लगाए गए 260 परीक्षकों में 120 गैरहाजिर रहे। सभी 26 उप प्रधान परीक्षक पहुंचे।
आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में 5013 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। यहां मूल्यांकन के लिए लगाए गए 265 परीक्षकों में 85 गैरहाजिर रहे। उप प्रधान परीक्षक भी तीन गैरहाजिर रहे।
डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बताया कि रविवार को 25416 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। अब तक 29705 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई हैं। मूल्यांकन का काम समय से पूरा कर लिया जाएगा।
बोर्ड ने नियुक्त किया नोडल अधिकारी
यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं के मूल्यांकन के लिए सीधी नजर रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी रामस्वरुप दास को जिले का नोडल अधिकारी नामित किया है। सभी केंद्रों पर विभागीय पर्यवेक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जीआईसी के परीक्षा केंद्र पर मुहाना जीआईसी की प्रधानाचार्य निशा दुबे, सनातन धर्म इंटर कॉलेज में सरसेला जीआईसी के शिवकुमार, गांधी इंटर कॉलेज में अजीतापुर जीआईसी के अमित नारायण और आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में छौंक राजकीय विद्यालय के विजयशंकर तिवारी को विभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर मूल्यांकन कार्य पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)