फोटो-05 सांसद से शिकायत करते हुए सभासद। संवाद
- सांसद से शिकायत, बस स्टैंड के बाद जवाहरगंज की दुकानों की नीलामी में कर अधीक्षक पर लगाया सांठगांठ का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। नगर पालिका में बैठे अधिकारियों पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। दुकानों के आवंटन में पालिका के अधिकारी खेल कर रहे हैं। जिसकी शिकायत डीएम से लेकर सांसद तक की गई।
नगर पालिका के आधा दर्जन सभासदों ने रविवार को सांसद नारायणदास अहिरवार से 36 दुकानों के आवंटन की शिकायत की। आरोप लगाया कि कर अधीक्षक ने साठगांठ कर इन दुकानों का आवंटन कम दामों पर कर दिया है। जिससे राजस्व का लाखों का नुकसान भी हुआ है।
सभासद राहुल श्रीवास्तव, अभिलाषा देवी, आशी बुंदेला, जितेंद्र कुमार, मुबीना, सुनीता देवी, उपेंद्र यादव ने शिकायतीपत्र में बताया कि नगर पालिका ने शहर के अंदर जवाहरगंज मार्केट की द्वितीय मंजिला पर स्थित 36 दुकानों बनवाई थी। जिनका आवंटन बिना किसी जानकारी, बिना पत्राचार के कर दिया गया। पालिका के अधिकारियों ने इसमें खेल किया। कम दामों पर इनका आवंटन कर दिया गया है। इसमें लाखों का राजस्व नुकसान हुआ है।
सभासद मुबीना ने बताया कि चुनाव के समय इन दुकानों का आवंटन किया गया है। कुछ दुकानें पुराने दुकानदारों को कर दी गई हैं। अगर बोली लगाई जाती तो राजस्व में इजाफा होता।
बस स्टैंड की दुकानों पर 30 लाख के राजस्व का हुआ नुकसान
शुक्रवार को नगर पालिका परिसर में बस स्टैंड की पांच दुकानों की नीलामी हुई थी। इसमें कुछ सभासदों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया था कि बिना जानकारी के नीलामी हो रही है। जिसमें कई लोग प्रतिभाग नहीं कर पा रहे हैं। इसके बाद डीएम से भी शिकायत की गई थी। नगर पालिका ने इसके बाद भी बोली जारी रखी थी। जिसमें पांच दुकानें 41 लाख रुपये में उठाई गई थी। जो कि पिछली बार से कम दामों पर उठी थी। करीब तीस लाख रुपये का राजस्व का नुकसान पालिका को हुआ था। (संवाद)