चंदपा। क्षेत्र के गांव कैमार में सोमवार की देर रात जन्मदिन समारोह के दौरान एक युवक आकाश (25) की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। इस हादसे में समारोह में शामिल होने आई गांव की एक बच्ची झुलस गई। मरने वाले युवक की भांजी के जन्म दिन समारोह के लिए लगाए पंडाल में करंट उतरने से यह हादसा हुआ। बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। परिवारीजन रात में ही युवक के शव को लेकर गांव लौट गए। मृतक युवक की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था।
थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कैमार निवासी कालीचरण की धेवती का सोमवार को जन्म दिन था और उनके घर के बाहर पंडाल लगाया गया था। सोमवार की रात समारोह के दौरान अचानक पांडाल में लगे लोहे के पाइपों में कहीं से बिजली का करंट प्रवाहित हो गया और समारोह में शामिल होने आई गांव की गुंजन (9) पुत्री राजकुमार करंट की चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने उसे बचा लिया।
इस दौरान शोर और चीख -पुकार मच गई। पास के घर में सो रहे कालीचरण के भतीजे आकाश पुत्र रवेंद्र ने शोर सुना तो वह भी उठकर पंडाल की ओर दौड़ पड़ा। जैसे ही वह पंडाल में पहुंचा, उसका हाथ अचानक लोहे के पाइप से लग गया और वह पाइप से चिपक गया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे छुड़ाया और गंभीर रूप से झुलसी हालत में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यहां से युवक के शव को लेकर देर रात परिजन और ग्रामीण गांव लौट गए। संवाद