टीचर कॉलोनी में 20 जुलाई को कृषि विभाग स्थित ट्यूबवेल कोठी पर टूटी पड़ी विद्युत लाइन में करंट आने से युवक की मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।
परिजनों के मुताबिक, ट्यूबवेल कोठी पर कई दिन पहले पेड़ की टहनी गिरने से विद्युत लाइन टूट गई थी। विद्युत कर्मियों ने लाइन को काटकर अलग कर दिया था। टूटी पड़ी लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। 20 जुलाई को 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र ऋषि पाल सिंह ट्यूबवेल कोठी पर आया था। इस बीच वह टूटी पड़ी लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए रेफर दिया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। परिवार में मातम छा गया है।
परिजनों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के एसडीओ, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे गए। उन्होंने परिजनों को समझाया। तब परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। मृतक के पिता ऋषिपाल सिंह ट्यूबवेल पर चौकीदार करते हैं। पूरा परिवार ट्यूबवेल पर रहता है। मृतक जितेंद्र ने अपने पीछे पत्नी पूनम व दो मासूम बच्चों को छोड़ा है।