शहर से सटे गांव चंदपा निवासी छात्रा शैलजा मिश्र ने छोटी उम्र में बड़े मुकाम हासिल किए हैं। पांच सालों से बेटियों को शिक्षित व सशक्त बनाने के लिए शैजला ने तमाम कार्यक्रमों का आयोजन किया है। कार्यों से प्रेरित होकर प्रशासन की ओर से उन्हें एक ऐसी कमेटी का सदस्य भी बनाया गया जो महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न के मामलों का निवारण करती है।
उन्होंने युवाओं को शिक्षित, संस्कारित, स्वस्थ्य व सशक्त बनाने के लिए जागरुकता अभियान की शुरूआत की। इसके साथ ही उन्होंने बड़े मंच जैसे दाऊजी मेले में आयोजित होने वाला यातायात सम्मेलन व युवा सम्मेलन आयोजित किए। शैलजा बताती हैं कि देश की कुल जनसंख्या में 65 फीसद युवा है। यही हमारे देश की ताकत है, लेकिन बदलते युग में युवाओं की नशाखोरी व अपराधों में संलिप्तता बड़ी चिंता है। युवाओं की नकारात्मक सोच, फास्ट फूड पर निर्भरता आदि कई ऐसी विसंगतिया हैं जो देश के युवाओं को कमजोर कर रही हैं। कार्यस्थल पर महिलाओं को लैंगिंग उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध व प्रतितोष) अधिनियम 2013 के तहत जिला स्तर कमेटी की सदस्या बनाया गया था। शैलजा पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र की सबसे छोटी उम्र की काउंसलर भी रही हैं।
स्वच्छता प्रर्यावरण की सीख के साथ महिलाओं को बना रही सशक्त
कस्बा हाथरस जंक्शन के गांव रामपुर निवासी गीता देवी अपनी साक्षरता का प्रयोग गांव की महिलाओं को स्वरोजगार प्रदान करने में कर रही हैं। स्वच्छता व प्रर्यावरण सुरक्षा को अहम मानते हुए वे इस क्षेत्र में काम करने के लिए महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। जिसमें उनके द्वारा तमाम महिलाओं को नर्सरी आदि खुलवाकर स्वरोजगार ही नहीं दिया, बल्कि प्रर्यावरण को खूबसूरती प्रदान करने का काम किया जा रहा है।
गीता देवी ने अपनी पढ़ाई मथुरा जनपद के राया में की है। शुरू से ही पेड़ पौधे व हरियाली से प्यार है। पति विनोद स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर सम्मानित हुए हैं। जिसमें गीता देवी ने उनका पूरा साथ दिया। गीता बताती हैं कि खुले में शौच की रोकथाम के लिए जागरुकता में उनके पति को तमाम दिक्कतों करना पड़ता था। जिसमें उन्होंने उनका साथ दिया। स्वच्छता क्षेत्र में कार्य करते हुए उनके सामने तमाम जरुरतमंद महिलाएं सामने आईं। जिन्हें आर्थिक सहायता की विशेष आवश्यता थी। इसे लेकर गीता ने तमाम महिलों को नर्सरी बनाने का प्रशिक्षण दिया। महिलाओं को खूबसूरत पौधों की ट्रेडिंग का काम शुरू कराया।