न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस (हसायन)।
हसायन के गांव कानऊ में कानऊ भिंतर राजवाहे की खंती कटने से गांव कानऊ व भिंतर के दर्जनों किसानों के खेत डूब गए। हजारों बीघे में लगी फसलें जलमग्न हो गईं। किसानों ने इसकी जानकारी कई बार सिंचाई विभाग के अमीन व पतरौल को दी है लेकिन आज तक अमीन व पतरौल खंती को रोकने के लिए कानऊ भिंतर राजवाहे की तरफ नही गए है। गांव कानऊ के मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, रिंकू, दुष्यंत कुमार सहित दर्जन भर किसानो नें कहा कि उनके गांव से भिंतर के तरफ जा रहे राजवाहे की खंती दस दिन पूर्व कट गई थी। जब हमने अमीन व पतरौल से शिकायत की तो सिंचाई विभाग के पतरौल के द्वारा ऊपर से पानी छोड़े जाने की बात कहते हुए कह दिया कि वह खंदी को अभी नहीं रूकवा पाएंगे। ग्रामीण चोखे सिंह भिंतर, रेशमपाल भिंतर, जत्तू सिंह, रेशपाल सिंह, महावीर सिंह, रिंकू, नैहना, रवेंद्रपाल सिंह, हरीश कुमार आदि ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। इस संबध में एसडीएम विजय शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नही हैं। कल मंगलवार को तहसील दिवस में सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आएंगे, उन्हें गांव कानऊ भेजकर राजवाहे की खंदी कटने की जानकारी कर खंती को बंद करवाया जाएगा।