न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत विकास खंड स्तर से व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण में लापरवाही पर जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी ने सभी सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। जिले में 1138 व्यक्ति शौचालयों के निर्माण के आवेदन ब्लॉक स्तर पर जांच के इंतजार में लंबित हैं। जांच रिपोर्ट न आने के कारण शासन को आवेदन अग्रसारित नहीं हो पा रहे हैं।
शासन के निर्देश पर ग्रामीण इलाकों में एसबीएम ग्रामीण के तहत व्यक्ति शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। शासन की ओर से व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। व्यक्तिगत शौचालय के लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन करता है। इसके बाद आवेदन जिला स्तरीय लॉगिन पर पहुंचता है। इसके बाद आवेदन को जांच के लिए ब्लॉक पर भेजा जाता है, जिससे संबंधित पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदन की पात्रता की जांच हो सके।
जांच रिपोर्ट पर धनराशि की स्वीकृति के लिए इस प्रस्ताव को शासन को भेजा जाता है। जिले में 1138 ग्रामीणों ने व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए आवेदन किए हैं। इन आवेदनों को जांच के लिए विकास खंडों को भेजा गया है। जांच में लापरवाही सामने आई है। इसी वजह से डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को नोटिस जारी किए हैं और तत्काल जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा है। संवाद