हाथरस जनपद में एक ग्राम प्रधान एवं 15 ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के लिए मतदान दो मार्च को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी अर्चना वर्मा ने अधिसूचना जारी कर दी है। प्रशासन ने निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारी भी नामित कर दिए हैं।
यह है चुनाव कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में रिक्त ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों पर उप निर्वाचन कराने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। डीएम ने कहा है कि संबंधित खंड विकास कार्यालय में 20 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 21 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 22 फरवरी को अपना नामांकन वापिस ले सकते हैं। 22 फरवरी को दोपहर तीन बजे से उम्मीदवारों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान दो मार्च को सुबह सात बजे से होगी जबकि मतगणना चार मार्च को सुबह आठ बजे से होगी।
यहां होंगे उप चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ब्लॉक मुरसान की ग्राम पंचायत कछपुरा में प्रधान पद के लिए उप निर्वाचन होगा। वहीं, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए ग्राम पंचायत लाखनू में वार्ड संख्या 4, गुबरारी में वार्ड संख्या 3, सुरतिया में वार्ड संख्या 4, ततारपुर मौहरिया में वार्ड संख्या 3, रुदायन में वार्ड संख्या 4, नगला भूरा में वार्ड संख्या 10, कौमरी में वार्ड संख्या 14, नगला सलेम में वार्ड संख्या 2 व 7, कोकना कला में वार्ड संख्या 9, गुतहरा में वार्ड संख्या 8, चौबारा में वार्ड संख्या 11, घाटमपुर में वार्ड संख्या 8, बरामई में वार्ड संख्या 2, टटी डंडिया में वार्ड संख्या 3 के लिए उपनिर्वाचन होगा। छह ब्लॉकों में होने वाले पंचायत उप निर्वाचन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित कर दिए हैं। वहीं, चार अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है।