कैलोरा-बरवाना की सड़क में गड्ढों के विरोध में अनशन पर बैठे ग्रामीण। संवाद
- फोटो : samvad
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैलोरा-बरवाना रोड की जर्जर स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार से कस्बा महौ में आमरण अनशन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखकर विरोध जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से कैलोरा-बरवाना रोड जर्जर हालत में है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। कैलोरा चौराहे से बरवाना जाने में कई घंटे लग जाते हैं, जबकि दूरी महज लगभग 17 किमी है। डेढ़ वर्ष पूर्व इसके निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत भी हुई, लेकिन आज तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस कारण क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला है। अब इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का मूड बना लिया है।
इस क्रम में शनिवार से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन की शुरुआत की गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अनशन मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। आंदोलन में बघराया, महासिंहपुर, नगला मया, महौ, मान महो, नगला मान आदि के लोगों ने भाग लिया। मुकेश सेंगर और चंद्रपाल सिंह आमरण अनशन पर बैठे हैं। अनशन में अनूप ठाकुर, सुधीर, पवन, चरण सिंह, देवेंद्र, गीतम सिंह, विनोद आदि अनेक लोग शामिल थे। संवाद