कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव गुमानपुर स्थित एक चुर्री फैक्टरी के बाहर शनिवार की सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ग्रामीण एक घायल वृद्धा को चारपाई पर लिटाकर फैक्टरी पहुंच गए। ग्रामीणों ने फैक्टरी स्वामी पर मजदूरी के पैसे मांगने पर वृद्धा को गाड़ी के आगे धक्का देकर घायल करने व इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया। वहां काफी देर तक हंगामा हुआ। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव गुमानपुर निवासी एक वृद्धा गांव में ही स्थित एक चुर्री फैक्टरी में आठ माह से 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी करती थी। बीते दिनों जब वृद्धा मजदूरी के रुपये मांगने फैक्टरी स्वामी के पास पहुंची तो वह 240 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रुपये देने लगा। वृद्धा ने आधे रुपये देने का विरोध किया तो फैक्टरी मालिक ने कहा कि बाकी रुपये उनके भविष्य निधि खाते में जमा कर दिए हैं। वह बाद में मिलेंगे। इस बात पर फैक्टरी स्वामी की वृद्धा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि 16 जून को वृद्धा को फैक्टरी स्वामी ने पैसे लेने के लिए बुलाया और कहा कि पूरा हिसाब कर देंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्टरी पहुंचने पर फैक्टरी स्वामी ने जान से मारने की नीयत से चलती हुई मैक्स गाड़ी के आगे वृद्धा को धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गईं। परिजन घायल महिला को इलाज के लिए अलीगढ़ के निजी अस्पताल में ले गए। इस बात को लेकर वहां ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्टरी स्वामी ने महिला का ठीक से इलाज नहीं कराया। पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।