डाॅ.भीमराव आंबेडकर के पार्क में 23 अप्रैल रविवार को नकद धनराशि गिनने का वायरल वीडियो फुटेज। संव
- फोटो : samvad
नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों ने मतदाताओं को लुभाने का प्रयास शुरू कर दिया है। 23 अप्रैल को कस्बा के मोहल्ला जाटवान में डाॅ. बीआर आंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के प्रतिनिधि व पति पूर्व चेयरमैन सेठ ओमप्रकाश यादव का नकद धनराशि गिनकर किसी को देने का वीडियो वायरल हुआ है। कस्बे में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
इस बारे में कोतवाली प्रभारी गौरव सक्सेना का कहना है कि वायरल हो रहे वीडियो के मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि धन वितरित करते हुए नहीं लग रहे हैं, फिर भी मामले में छानबीन की जा रही है।
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी भागवती देवी के प्रतिनिधि पति पूर्व चेयरमैन इत्र व्यापारी सेठ ओमप्रकाश का कहना है कि वह बाबा साहब की शोभायात्रा कमेटी समिति से कई वर्षों से जुड़े हैं। पिछले वर्ष का कुछ धन उनके पास बकाया रह गया था। उसमें उन्होंने कुछ धन शामिल करके कमेटी को दिया है। उनकी पत्नी निकाय चुनाव लड़ रही हैं। इस कारण कुछ लोग राजनीतिक द्वेष भावना के तहत वीडियो वायरल कर दुष्प्रचार कर रहे हैं। वह सिर्फ कमेटी को सहयोग राशि दे रहे थे। तभी किसी ने उनका वीडियो बना लिया है। अगर चाहे तो प्रशासन व कोई भी राजनीतिक दल किसी भी एजेंसी से जांच करा ले। संवाद