हाथरस। वेलेंटाइन वीक का पहला दिन रोज डे के नाम रहा। युवा प्रेमियों ने छुपते छुपाते एक दूसरे को गुलाब का फूल देकर अपने प्यार का इजहार किया। मोबाइल पर दिनभर लव मैसेज की बहार रही तो वहीं बाजारों में गुलाब के फूल अन्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक बिके। गिफ्ट गैलरियों पर भी आर्टिफिशियल गुलाब खरीदने वालों की भीड़ रही। सुबह से ही युवाओं के दिल धक-धक कर रहे थे। एकतरफा प्रेम करने वालों ने इजहार ए मोहब्बत अपने वेलेंटाइन के सामने कर ही दिया। जिनको जवाब हां में मिला, उनके चेहरे खिल गए, और जिनको न में जवाब मिला, उनके चेहरे मुरझा गए। रोज डे को किसी ने रेस्टोरेंट या फिर सिनेमा हॉल में। रोज डे सिर्फ प्रेमी युगलों ने ही नहीं मनाया, बल्कि पति पत्नी व दोस्तों ने भी एक दूसरे को गुलाब का फूल देकर मनाया। प्यार का इजहार करने वालों ने गुलाबी गुलाब व दोस्ती करने वालों ने सफेद गुलाब दिया। सोशल नेटवर्किंग साइटों पर भी वॉलपेपर भेजकर रोज डे सेलीब्रेट किया गया।