शहर के जिला महिला अस्पताल में अब सप्ताह के सभी छह दिन मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होगी। अभी तक चिकित्सक की कमी के चलते सप्ताह में तीन दिन ही यहां मरीजों के अल्ट्रासाउंड हो रहे थे। इस कारण आने वाली मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नए चिकित्सक के आने के साथ ही सप्ताह के सभी दिन यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे गर्भवती महिला मरीजों को राहत मिलेगी।
बता दें कि शहर के जिला महिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। रेडियोलॉजिस्ट नहीं से यहां की अल्ट्रासाउंड सेवाओं पर खासा असर पड़ रहा था और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसको देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में तैनात डॉ. राजीव मोदी को जिला महिला अस्पताल में संबद्ध किया गया था।
डॉ. मोदी सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में आने वाले मरीजों के अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। शासन ने फरवरी महीने में दीपक को जिला महिला अस्पताल में तैनाती दी थी। ज्वॉइन करने के कुछ दिन बाद वह प्रशिक्षण पर चले गए थे, लेकिन अब वह वापस आ गए हैं। बृहस्पतिवार को भी बड़ी संख्या में मरीजों के अल्ट्रासाउंड हुए।
अभी तक अस्पताल में जिन चिकित्सक द्वारा अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे, वह संबद्धीकरण पर थे। इस कारण सप्ताह में तीन दिन ही अल्ट्रासाउंड होते थे। शासन द्वारा अस्पताल में तैनात किए गए चिकित्सक आ गए हैं। अब सप्ताह के सभी छह दिन मरीजों के अल्ट्रासाउंड होंगे।
-डॉ. शैली सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला अस्पताल।