हाथरस। जिले में शासन की लैपटॉप वितरण एवं कन्या विद्या धन दिलाने के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ शातिर ठग पहुंचकर ठगी कर रहे हैं। विगत दो दिन में गांव मेवली और नारायणपुर में इस ठग ने दो छात्राओं से लैपटॉप यह कहकर वापस ले लिए कि वह डीआईओएस कार्यालय से आया है। आप इन लैपटॉप को जमा करो। आपको इसके बदले कन्या विद्या धन का 30 हजार रुपया दिलाया जाएगा।
जिले में ठग ठगी के नए नए हथकंडे निकाल रहे हैं। विगत दो दिन पूर्व जहां गांव नारायणपुर में एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर पहुंचा। उसने ग्रामीणों को जानकारी दी कि शासन ने इन लैपटॉप के स्थान पर अब 30 हजार रुपये का कन्या विद्या धन देने का निर्णय लिया है, इसलिए यह लैपटॉप जमा करो, जिससे आपको कन्या विद्या धन दिलाया जा सके। भोले-भाले ग्रामीण 30 हजार रुपये मिलने के लालच में लगातार इस ठग के झांसे में आ रहे हैं। इसी प्रकार की ठगी होने के बाद गांव मेवली और नारायनपुर निवासी दोनों पीड़ित छात्राओं ने डीआईओएस को इस बारे में जानकारी दी है।
डीआईओएस ने इन दोनों को अवगत कराया कि डीआईओएस कार्यालय से इस प्रकार कोई व्यक्ति तैनात नहीं किया गया है। ग्रामीण इस ठग को पहचान भी नहीं पा रहे हैं, क्योंकि यह दोनों ही वारदातों को अंजाम देते समय हैलमेट लगाए रहता है, जिससे इसकी पहचान नहीं हो सके।