जिलाधिकारी से की गई शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने सीएचसी सादाबाद का निरीक्षण किया। अमर्यादित व्यवहार के लिए दो स्वास्थ्य कर्मियों का स्थानांतरण अन्य स्वास्थ्य इकाई के लिए कर दिया है।
यतेंद्र वर्मा निवासी तामसी ने डीएम को शिकायत करते हुए बताया था कि बीती एक फरवरी को उसकी पत्नी ने सीएचसी सादाबाद में बेटी को जन्म दिया था। सीएचसी में दवाएं बाहर से मंगवाई गई थी और स्वास्थ्यकर्मियों ने रुपये की भी डिमांड की थी। सीएमओ द्वारा निरीक्षण के दौरान उस रात ड्यूटी पर रहे स्टाफ को तलब किया गया। पता चला कि उस रात को छह प्रसव किए गए लेकिन किसी प्रसूता के परिजन से कोई विवाद नहीं हुआ था।
जांच के दौरान यतेंद्र वर्मा ने बताया कि डिलीवरी के वक्त उसे कमरे से बाहर निकाल दिया गया था। उससे न कोई रुपये की डिमांड की गई और न ही बाहर से कोई दवा मंगाई गई। इस मामले में यतेन्द्र वर्मा ने किसी तरह की कार्रवाई से भी इन्कार कर दिया। सीएमओ ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को अमर्यादित व्यवहार का दोषी मानते हुए स्टाफ नर्स कविता दीक्षित, वार्ड आया सीमा देवी का स्थानांतरण अन्य स्वास्थ्य केंद्र के लिए कर दिया है।