संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में पांच शिक्षिकाओं सहित नौ लोगों के साथ लूट की घटना को अंजाम देने वाले और लूट के माल को खरीदने वाले दो सुनारों सहित पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट का माल भी बरामद हुआ है। एसपी देवेश कुमार पांडेय ने इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ये बदमाश आगरा व मथुरा में भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक सादाबाद व थानाध्यक्ष मुरसान के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर अंतरजनपदीय तीन लुटेरों एवं लूट का माल खरीदने व गलाने वाले दो सुनारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने लूट के माल व चोरी की चार बाइकों के साथ पुष्पेंद्र उर्फ नहना पुत्र श्याम सुंदर निवासी ग्राम पूरना थाना इगलास अलीगढ़, कृष्णा उर्फ गौरव पुत्र बालकिशन निवासी फरसौटी थाना मुरसान हाथरस, मनोज उर्फ मौनू पुत्र दीवान सिंह निवासी नगला परता थाना इगलास अलीगढ़, सनी वर्मा व राजीव पुत्रगण श्याम लाल निवासीगण बेसवां थाना इगलास अलीगढ़ को गिरफ्तार किया।
इन घटनाओं को बदमाशों ने दिया था अंजाम
बदमाशों ने बताया कि हाथरस में 31 जुलाई 2022 को अग्रसेन बिहार कॉलोनी डीआरबी तिराहे के पास ई-रिक्शा में बैठी महिला से चैन लूटी थी और दो अगस्त 2022 को थाना हाथरस गेट क्षेत्र में राजेंद्र लोहिया स्कूल के पास से काली पल्सर बाइक का प्रयोग करते हुए एक महिला के साथ सोने की चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था।
चार सितंबर 2022 को मुरसान चौराहा थाना सादाबाद से एक महिला से चेन लूटी थी। 13 सितंबर 2022 को थाना सादाबाद के बहरदोई के गांव राजनगर को पार करने के बाद एक स्कूटी सवार व्यक्ति को रोककर उससे बैग में रखा लैपटाप व 20 हजार रुपये लूटे थे। 21 सितंबर को थाना हाथरस जंक्शन से गंगचौली से मेंडू वाली सड़क पर महिला शिक्षिका से एक अंगूठी, कुंडल व सोने की चेन लूटी थी।
17 अक्तूबर 2022 को पटैनी वर्धवारी रोड पर तमंचे के बल पर महिला से अंगूठी, मंगलसूत्र व चेन लूटी थी। 19 अक्तूबर को थाना हाथरस गेट के गांव एहवरनपुर के आगे महादेव मंदिर के पास महिला शिक्षिका से सोने की चेन लूटी थी। 29 अक्तूबर 2022 को थाना सासनी के गांव रघनियां से रुहेरी को जाने वाले रास्ते पर एक महिला शिक्षिका से कान की बाली व अंगूठी लूटी थी।
31 अक्तूबर को थाना सादाबाद में एसआर कांपलेक्स के सामने पैदल टहलते हुए एक व्यक्ति से एक सोने की चेन छीनी थी। अगस्त में काले रंग की पल्सर बाइक थाना सिकंदरा जनपद आगरा से चोरी की थी। एक और बाइक हीरो सीडी डीलक्स जयगुरुदेव मंदिर के पास से छीनी थी। थाना हाईवे से ही एक महिला से चेन लूटी थी। गिरफ्तार सभी लुटेरे लूट के बाद माल को गिरफ्तार अभियुक्त सनी वर्मा व राजीव वर्मा निवासी बेसवा को बेच देते थे।
- पांचों अभियुक्त शातिर किस्म के लुटेरे हैं। पुष्पेंद्र उर्फ नहना पर 11, कृष्णा उर्फ गौरव पर 14, मनोज उर्फ मौनू पर 11, सनी वर्मा पर 10 और राजीव पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। इन्होंने आगरा व मथुरा में भी कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। - देवेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, हाथरस।