क्षेत्र की ग्राम पंचायत विघैपुर के प्रधान के चचेरे भाई पर पांच दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले के दो आरोपियों को थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया।
विघैपुर निवासी बनी सिंह वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। 16 जून को आरोपियों ने प्रधान और उनके चचेरे भाई प्रकाश पुत्र भूप सिंह बघेल के साथ मारपीट कर फायर झोंक दिया। हमले में दोनों बाल-बाल बच गए। प्रधान ने फोन पर पुलिस को सूचना दी कि वह किसी कार्य से जा रहे थे। तभी गांव निवासी सत्यवीर उर्फ सत्तो, निखिल, गौतम और आशू अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे व असलहे लेकर आए और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट व फायरिंग शुरू कर दी।
प्रधान ने भागकर जान बचाई। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक केशवदत्त शर्मा ने पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी निखिल निवासी विघैपुर व रवि निवासी जैथोली थाना इगलास को भीम नगरिया की पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। निखिल के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खाली खोखा एवं कारतूस बरामद किया है। संवाद