हाथरस में सासनी कोतवाली क्षेत्र के रुदायन में शराब ठेके के पास हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक युवक को चार लोग बेरहमी से लात से मार रहे हैं और बाइक भी चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शनिवार की देर शाम कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीडियो में एक युवक की पिटाई कर रहे थे। इस दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया। पुलिस ने पीड़ित युवक राजा शर्मा पुत्र राममूर्ति शर्मा निवासी लहौर्रा की तहरीर के आधार पर मारपीट व हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नानऊ अड्डा से आरोपी विभात पुत्र विमल निवासी पारस कॉलोनी व अंकित पुत्र यादराम निवासी जामुन बाला मोहल्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।