पत्नी को दवा दिलाने गए शिक्षक के मालतीपुरम कॉलोनी स्थित घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवली हाथरस गेट क्षेत्र के मालतीपुरम कॉलोनी निवासी रामजीलाल पुत्र खेमचंद शिक्षक हैं। 20 जून सुबह वह अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए आगरा गए थे। रात होने की वजह से आंवलखेड़ा स्थित ससुराल में रुक गए। इस बीच मौके का फायदा उठाकर चोर उनके घर के दरबाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। कमरों और अलमारियों को खंगाल ले गए। चोरी के बारे में सुबह पता लगा। पड़ोसियों ने ताला टूटा हुआ देखा तो इसकी जानकारी शिक्षक को दी।
रामजीलाल के अनुसार घर में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। पीड़ित ने चोरी की तहरीर कोतवाली हाथरस गेट में दी है। सीओ सिटी राम प्रवेश का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।