संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
तहसील सदर के सभागार में जिलाधिकारी रमेश रंजन व पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडे की अध्यक्षता में त्योहारों को लेकर एक बैठक हुई। इसमें डीएम ने कहा कि बिना अनुमति के कोई भी कार्यक्रम व जुलूस का आयोजन नहीं किया जाएगा। एसपी ने कहा कि जनपद के सभी रामलीला कमेटियों व दुर्गापूजा पंडाल आयोजकों को अनुमति पत्र लेना अनिवार्य होगा। कोई भी पूजा पंडाल या धार्मिक आयोजन सार्वजनिक मार्ग बाधित करके न हो।
उन्होंने बताया कि कोई भी मूर्ति विसर्जन नदी में न होकर चिन्ह्ति तालाब या नहर में ही करें। विसर्जन के समय विद्युत तारों से घटना के सुरक्षा के दृष्टिगत बिजली विभाग व अधिशासी अधिकारी कार्यालय के एक-एक कर्मचारी प्रत्येक थानों से मौजूद रहें।
डीएम ने उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, थानाध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा कि रामलीला आयोजकों, दुर्गापूजा पंडाल व्यवस्थापकों, पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आयोजन स्थल व रूट पर पैदल भ्रमण करते हुए सभी आवश्यक बिंदुओं को नोट करें।