संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के नगला भोजा में अमृत योजना के तहत डाली गई पाइप लाइन लीकेज होने से कई मकानों में दरार पड़ गई। इसे लेकर सभासद व क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों को भी पत्र दिया है। इसी क्रम में सोमवार को जलनिगम के एई व जेई मौके पर पहुंचे और मकानों में पड़ी दरार को देखा। टीम ने मरम्म्त के लिए एस्टीमेट बनाया। जल्द समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि अमृत योजना के तहत शहर के नगला भोजा में पाइप लाइन डाली गई। पाइप लाइन से पानी का रिसाव हुआ। इस संबंध में क्षेत्रीय सभासद सुषमा देवी जलनिगम के अधिकारियों को पत्र दिया। पत्र में कहा कि बीस अगस्त को पानी का रिसाव होने पर उन्होंने ठेकेदार को सूचना दी। पाइप लाइन टूटने से पानी का रिसाव हो रहा है। पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
इस मामले को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया। सोमवार को जलनिगम के एई वीके गुप्ता व जेई मोहम्मद उमर पहुंचे। इनके द्वारा मकानों की दरारों की चौड़ाई को देखा। मकानों की क्षति का मुआयना किया। इसका एस्टीमेट बनाया गया। शाम को निर्माण मिस्त्री को भेजा गया। माना जा रहा है कि मंगलवार से मकानों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा।
बढ़ रही दरारें, कभी भी धराशायी हो सकते हैं मकान
नगला भोजा में जिन मकानों में दरार पड़ गई है। उन मकानों के लोग खुले में जीवन यापन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मकानों की दरारें बढ़ती रही है। इस कारण उन्हें अप्रिय घटना होने का डर भी सता रहा है। इस कारण लोग मकानों में जाने से डर रहे हैं। लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अभी तक किसी प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली है। मकान इस हालत में आते जा रहे हैं कि कभी भी धराशायी होकर गिर सकते हैं।