विकास खंड कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत दिनेश सिंघल द्वारा उपस्थिति पंजिका में उपस्थिति दर्ज न कराए जाने का मामला सामने आया है। एडीओ का आरोप है कि बीडीओ सदर रीता सिंह के यहां घर पर खाना बनाने व अन्य कार्य के लिए सफाई कर्मी न भेजने की दशा में उपस्थिति पंजिका पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने दी जा रही है। एडीओ पंचायत ने पूरे मामले से डीपीआरओ को अवगत कराया है।
एडीओ पंचायत ने पत्र के माध्यम से कहा है कि 18 व 19 अप्रैल तक आकस्मिक अवकाश स्वीकृत कराए थे। 20 अप्रैल को प्रतिदिन की भांति सुबह खंड विकास अधिकारी कार्यालय में हस्ताक्षर करने गए तो तैनात प्रधान सहायक बसंतलाल ने उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं करने दिए।
प्रधान सहायक ने कहा कि बीडीओ का आदेश है कि जब तक आवास पर सरोज सफाई कर्मी को झाडू और पोछा करने और खाना बनाने के लिए नहीं भेजा जाता, तब तक उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। एडीओ पंचायत ने कहा कि वह 20 अप्रैल से नियमित बैठकों में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने डीपीआरओ को भी मामले से अवगत कराया है।