हाथरस। सड़क नहीं बनाए जाने को लेकर नगला तुंदला के लोगों ने गुरुवार को नगर पालिका में जमकर हंगामा काटा। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाया। गांव निवासी शशी, विपिन कुमार, ठाकुरदास, अनुज कुमार, भूदेव, शंकरलाल, लक्ष्मी देवी, रामबेटी, आशा, ब्रज मोहन, दिनेश, कैलाशी आदि का आरोप था कि नगला तुंदला वार्ड नंबर 11 में जो सड़क बननी थी, उसे वहां न बनाकर अन्य कोई दूसरी सड़क बनाई जा रही है। टूटी हुई सड़क पर गुजरना भी काफी मुश्किल हो रहा है। जो सड़क पालिका बनवा रही है, उसका गांव के लोग लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन आवश्यकता वाली सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जिस सड़क से वह आवागमन करते हैं, उसका निर्माण नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।