पंत चौराहे पर परिवहन विभाग ने चालक द्वारा हेलमेट न पहनने पर जिस बाइक का चालान किया गया था, उसकी जांच में पता चला है कि बाइक चोरी की थी, उस पर किसी कार के नंबर की फर्जी प्लेट लगी थी। अब कार का चालक चालान से मुक्ति पाने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस महकमे के चक्कर लगा रहा है।
27 मार्च को नगर के पंत चौराहे पर परिवहन विभाग के कर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो लोग बिना हेलमेट में नजर आए। उनकाे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह बिना रुके भाग गए। एक कर्मी ने उनका फोटो खींच लिया और बाइक की नंबर प्लेट के आधार पर उसका चालान काट दिया।
कार संख्या यूपी 86वाई-5131 के स्वामी करन पुत्र राजकुमार के पास चालान का नाेटिस पहुंचा। उस पर उल्लेख था कि बिना हेलमेट बाइक चलाने पर एक हजार रुपये जुर्माना किया जा रहा है। नोटिस देखकर कार चालक परेशान हो गया। उसे समझ नहीं आया कि नंबर तो उसकी कार का है, लेकिन इस पर बाइक कैसे लिख दिया गया। संवाद