शहर के कई मोहल्ले में पिछले दो दिन से जलापूर्ति प्रभावित रही है। वाटर वर्क्स से आने वाली आपूर्ति की पाइप लाइन में लीकेज के कारण कई मोहल्लों में पानी का प्रेशर काफी कम होने से दिक्कत हुई है। हालात यह है कि हर रोज सुबह-शाम दो-दो घंटे आने वाला पानी मात्र आधे से एक घंटे ही आ रहा है। मोहल्ला खाती खाना, सासनी गेट, गणेशगंज, भूरा पीर, बागमूला चौराहा सहित कई मोहल्लों के करीब तीन हजार घरों में पानी आपूर्ति प्रभावित है। बता दें कि वॉटर वर्क्स की टंकी से अन्य ट्यूबवेल के कनेक्शन जोड़े जाने हैं। इसके लिए पाइप लाइन डाली जा रही है। जिसके चलते पुरानी पाइप लाइन में रिसाव हो गया है। लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति सही नहीं आ रही है। लोगों ने नगर पालिका पहुंच कर ईओ को समस्या बताई। उन्होंने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
पिछले दो दिन से पानी काफी धीमा आ रहा है। दो दिन से टंकी भी नहीं भर पा रही। हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।-सोनू वर्मा, निवासी गणेश गंज, हाथरस।
दो दिन से पानी धीमा और बहुत कम देर तक आ रहा है। सोमवार को तो मात्र आधे घंटे ही पानी आया। शाम को कुछ स्थिति सही रही है।-तनिष्क वार्ष्णेय, निवासी खाती खाना, हाथरस।