जलेसर रोड स्थित भिलोखरी चौराहे पर धरना देते क्षेत्रीय लोग।संवाद
- फोटो : samvad
हाथरस-जलेसर मार्ग की बदहाली के विरोध में जलेसर रोड स्थित गांव भिलोखरी के चौराहे पर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन छठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि धरने को उग्र आंदोलन में बदलने के लिए 21 जून को महापंचायत की जाएगी। महापंचायत में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
नितिन सिंह शेखावत ने कहा कि शासन-प्रशासन हमारी कितनी भी परीक्षा ले ले, जब तक हाथरस जलेसर रोड पर निर्माण संबंधी कार्रवाई नहीं होती है, तब तक यह धरना जारी रहेगा। स्थल पर 21 जून की महापंचायत को लेकर राष्ट्रवादी कांतिकारी सेना के पदाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर महापंचायत की रणनीति बनाई।
वक्ताओं ने कहा कि जलेसर रोड पर निवास करने वाले सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को 21 जून की महापंचायत में बुलाया जाएगा। जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर लगातार उदासीनता बरत रहे हैं। इस सड़क से 22 गांवों के लोग सफर करते हैं, लेकिन इस ओर प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री संदीप सिसौदिया, आईटी प्रमुख रॉकी चौहान ने अपना समर्थन दिया। परीक्षित सिंह सिसौदिया, रामकुमार गौतम, हरेंद्र सिसौदिया, राजवीर सिंह सिसौदिया, अशोक परमार, अन्नी पंडित, देवेंद्र तोमर, राजेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद थे। संवाद