पुलिस लाइन में आयोजित 14वीं अंतरजनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर फ्लैग मार्च
- फोटो : Samvad
पुलिस लाइन के मैदान में आयोजित हुई 14वीं अंतरजनपदीय एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में लंबी कूद में महिला वर्ग में सोनम ने बाजी मारी। पुरुष वर्ग में आदेश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शुभारंभ जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने हवा में गुब्बारे छोड़कर किया। डीएम का बैज लगाकर एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद डीएम ने निर्णायक मंडल टीम के सदस्यों से परिचय लिया और परेड की सलामी ली। उप निरीक्षक दिनेश साहनी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सच्चे खिलाड़ी की भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।
प्रतियोगिता में महिला वर्ग की लंबी कूद में सोनम फिरोजाबाद ने प्रथम, पूजा चौधरी हाथरस ने द्वितीय तथा विजेता मैनपुरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में रश्मि चाहर मथुरा ने प्रथम, रागिनी मैनपुरी ने द्वितीय और मोनिका अलीगढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग की लंबी कूद में आदेश कुमार आगरा ने प्रथम, सुनील हाथरस ने द्वितीय तथा दीपक शर्मा एटा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में प्रदीप फिरोजाबाद ने प्रथम, सचिन कुमार आगरा ने द्वितीय तथा शुभम नागर अलीगढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संचालन फकरे आलम, अतुल वर्मा, सहायक अशोक साहनी ने किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय व आदि मौजूद रहे।