संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नगर पालिका की सभासद अंजली शर्मा ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि नगर पालिका द्वारा वर्ष 2021 में से मुंशी गजाधर सिंह मार्ग व उससे जुड़ी कई गलियों में सीवर लाइन डाली गई थी। इन सीवर लाइनों को डालने के लिए तोड़ी गई सड़कों को 19 माह बाद भी सही नहीं कराया गया है, लेकिन शिकायत को फर्जी तरीके से निस्तारित दिखा दिया गया है।
उन्होंने कहा है कि ठेकेदार का भुगतान मार्च 2021 में ही कर दिया गया। एस्टीमेट में किसी भी सड़क को तोड़ने के बाद उसे ठीक करने का प्राविधान होता है। कार्य पूरा नहीं हुआ और नगर पालिका द्वारा ठेकेदार को पूरा भुगतान कर दिया गया।
सभासद का आरोप है कि उन्होंने इस सिलसिले में सीएम पोर्टल पर शिकायत की तो यह दिखा दिया गया कि इस सड़क को ठीक करा दिया गया है, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं है। टूटी सड़क की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।