सादाबाद विधायक को बिजली की समस्या बताते किसान व ग्रामीण
- फोटो : संवाद
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से कस्बे से लेकर देहात तक हाहाकार मचा हुआ है। कटौती को लेकर रालोद विधायक गुड्डू चौधरी ने भी नाराजगी जताई है और एमडी कार्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि बिजली विभाग का रोस्टर दिखावटी है और रोज पांच से छह घंटे बिजली कटौती हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की वजह से बिजली उपकरण भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। तहसील मुख्यालय पर भी रोजाना छह से आठ घंटे अघोषित बिजली कटौती हो रही है। इसको लेकर ग्रामीण बुधवार को विधायक से मिले। विधायक ने लोगों को बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कराने का आश्वासन दिया और इस संबंध में दक्षिणांचल विधुत वितरण निगम के एमडी से फोन पर वार्ता कर कटौती पर नाराजगी जताई। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं रुकी तो एमडी कार्यालय पर भारी संख्या में ग्रामीणों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
विधायक का कहना है कि कस्बे में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 20 घंटे बिजली आपूर्ति देने का दिखावटी रोस्टर जारी किया है। गांवों में बड़े पैमाने पर बिजली कटौती की जा रही है। लोकल फाल्ट और ओवरलोड के कारण जगह-जगह ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। 43 डिग्री से अधिक तापमान के बीच गांवों में 10 से 12 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। कई इलाकों में बिजली आती तो है, वोल्टेज इतना कम रहता है कि लोगों के पंखे व कूलर भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। बार-बार हो रही ट्रिपिंग से लोगों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।