संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। धान, बाजरा आदि की फसलें बारिश में खराब हो रही है। इसे लेकर लगातार प्रशासन को सूचनाएं मिल रही है। फसल के नष्ट होने की सूचना को लेकर राजस्व विभाग की टीमें भी गांव-गांव पहुंच फसल के नुकसान होने का आकलन जुटाने में लग गई हैं।
वहीं, दूसरी ओर पीएम किसान फसल बीमा योजना के तहत बीमा करा चुके किसानों को टोल फ्री नंबर पर फसल खराब होने की शिकायत दर्ज किए जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण अब किसानों की खेतों में पड़ी धान की फसल खराब होने के कगार पर पहुंच गई है।
वहीं ज्यादातर खेत जलमग्न हो गए हैं। बारिश के कारण हाल ही बुवाई की गई फसल भी नष्ट हो रही है। इसे लेकर कृषि विभाग व राजस्व विभाग को फसलों के खराब होने की लगातार सूचनाएं विभिन्न माध्यमों से मिल रही हैं। अब इन सूचनाओं के आधार पर फसल की नुकसान का आकलन करने के लिए गांव गांव राजस्व विभाग की टीमें जा रही हैं।
पीएम किसान फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराने वाले 3100 किसानों को फसल नुकसान होने की दशा में टोल फ्री नंबर 18008896868 पर 72 घंटे में सूचना देने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि पीएम किसान फसल बीमा योजना कराने वाले किसान जिला समन्वयक लोकपाल सिंह मोबाइल नंबर 7292025423, तहसील हाथरस समन्वयक मुदल कुमार मोबाइल नंबर 9870642034, तहसील सादाबाद के समन्वयक सुग्रीव कुमार मोबाइल नंबर 7895840386, तहसील सिकंदराराऊ के समन्वयक मोहित कुमार मोबाइल नंबर 9997848671, तहसील सासनी के समन्वयक विजय कुमार मोबाइल नंबर 6397139982 पर संपर्क कर सकते हैं।