पंचायती राज विभाग के रिटायर्ड एडीओ पंचायत के जीपीएफ के 17 लाख रुपये का भुगतान करने के आदेश गायब होने का मामला सामने आया है। जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी ने लेखाकार सहित दो से आई आदेश की प्रतिलिपि तीन दिन में उपलब्धता कराने और भुगतान नहीं होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही प्रतिलिपि न मिलने की दशा में संबंधित लिपिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
पंचायती राज विभाग में तैनात सहायक पंचायत अधिकारी फूल सिंह पिछले दिनों सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन व जीपीएफ संबंधी पत्रावलियों पर कार्रवाई शुरू हुई। पंचायती राज निदेशालय से जीपीएफ की धनराशि जारी करने का आदेश जारी हुआ था और उन्हें 17 लाख रुपये भुगतान करने के आदेश की प्रतिलिपि कोषागार में जमा करानी थी। विभाग में आदेश की प्रतिलिपि तो आई, लेकिन यह विभाग की पत्रावली से गायब हो गई। फूल सिंह की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा है।