कोहरे में लाइट जलाकर चलते वाहन। संवाद
- फोटो : Samvad
बढ़ती सर्दी का असर रेल यात्रा पर भी पड़ रहा है। लोग अपनी यात्राओं को रद्द कर रहे हैं। जिले के आरक्षण केंद्रों पर इस समय आरक्षण कराए जाने का आंकड़ा नीचे की ओर आ रहा है। आरक्षण केंद्रों पर टिकट रद्द होने का आंकड़ा जहां सात टिकट प्रतिदिन था, वह वर्तमान में तीन गुना तक बढ़ गया है।
इन-दिनों कड़ाके की ठंड के कारण लोग घरों से निकल यात्रा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। बात अगर हाथरस सिटी स्टेशन की करें तो यहां सामान्य रूप से औसतन 90 फाॅर्म के जरिये आरक्षण कराए जाते हैं, लेकिन इस समय आंकड़ा 50 फाॅर्म प्रतिदिन पर आकर टिक गया है। इसके साथ ही आरक्षण निरस्त कराए जाने का आंकड़ा सामान्य रूप से पांच से सात टिकट रहता था।
वर्तमान में यह बढ़कर 15 से 20 टिकट तक पहुंच गया है। हालात ये हैं कि यात्री सिर्फ प्रतीक्षा सूची वाले आरक्षण ही निरस्त नहीं करा रहे, बल्कि कन्फर्म आरक्षण भी खूब निरस्त हो रहे हैं। मुख्य वाणिज्य अधीक्षक हाथरस सिटी विपिन सारस्वत का कहना है कि आरक्षण कराने का आंकड़ा इन दिनों घटा है, जबकि आरक्षण निरस्त होने का आंकड़ा बढ़ा है। संवाद