पुलिस लाइन में बैठक लेते आईजी शलभ माथुर। स्रोत : पुलिस
- फोटो : Samvad
पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र शलभ माथुर ने सोमवार की रात मेंडू रोड स्थित रिजर्व पुलिस लाइन स्थित जिला प्रशिक्षण इकाई भवन में जिले के सभी सीओ, थाना प्रभारी व शाखा प्रभारियों के साथ बैठक की। आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत जिले में मौजूद सुरक्षा उपकरणों व संसाधनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
आईजी रेंज ने पुलिस अधिकारियों से हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी आऔर चोरी आदि घटनाओं के अनावरण के संबंध में जानकारी ली। घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की। गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों में धारा 14(1) के अंतर्गत उनकी संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसी भी घटना के घटित होने पर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और नियमित रूप से प्रभावी फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्षों से कहा कि अपने थाना क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान गड़बड़ी उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की चेकिंग, सक्रिय अपराधियों, टॉप-10 अपराधियों, भू/खनन माफिया, शराब माफिया पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके क्रियाकलापों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी परीक्षा के दृष्टिगत जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।