नगला रति रेलवे स्टेशन के हसायन मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर तैनात एक कर्मचारी पर बाइक सवार युवक से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगा है।
रुपये लेते हुए कर्मचारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे विभाग में खलबली मच गई है। बताया गया कि बाइक सवार युवक बंद रेलवे फाटक के नीचे से बाइक निकाल रहा था। इसी दौरान कर्मचारी ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि छोड़ने के बदले तीन हजार रुपये मांगे। युवक ने रुपये देते समय वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीआरओ इंज्जतनगर मंडल सफदर हुसैन ने बताया है कि मामला एडीआरएम के संज्ञान में है, जांच की जा रही है।