हाथरस। गांव पैकवाड़ा में बीते एक हफ्ते से बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया और आंदोलन की चेतावनी दी।
गांव पैकवाड़ा में बीते एक हफ्ते से बिजली न आने से ग्रामीणों में बेहद आक्रोश बना हुआ था। रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप था कि उनके पड़ोसी गांव में बिजली लगातार आ रही है, लेकिन उनके गांव में बीते एक हफ्ते से बिजली नहीं आ रही, जिस वजह से गांव में चोर उच्चकों के आने का भय कायम हो गया है तो वहीं भीषण गर्मी में बच्चों व वृद्धों के बीमार होने की संभावना बढ़ गई है।
बिजली न मिलने से विद्युत उपकरण भी शोपीस बन गए हैं। संक्रामक रोग भी यहां फैलते जा रहे हैं। कई बार वह इलाके के अवर अभियंता को भी फोन लगा चुके हैं, लेकिन अवर अभियंता भी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। लाइन जोड़ने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही है। पैसे नहीं दिए तो लाइन नहीं जोड़ी जा रही। बिना बिजली के दिनरात काटना बेहद मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों में राजकुमार अग्निहोत्री, राजेन्द्र अग्निहोत्री, पुनीत, मोहनलाल, सौरभ, श्यामसुंदर, शिवम, संजय शर्मा, चंद्रपाल सैलानी, देशराज, आजेश कुमार आदि लोग मौजूद थे।